Wednesday, 15 August 2018

" बेशक हुए स्वतन्त्र "

बेशक हुए स्वतन्त्र आज हम ,पर बिन पर के पंखी हैं|
अनचाही मिल गईं नीतियाँ, अगणित ढपोरशंखी हैं ||

निर्धन का बेड़ा गर्क दिखै, धनवान और धनवान हुए|
पहलू जो छूने चहिए थे,वोअब तक क्यों नहिं गए छुए||

बिपरीत दिशा की बातें कुछ, दिनरात परोसी जाइ रहीं |
आकाश मध्य बिन नीर लिए, बदलीं -बदली सी छाइ रहीं ||

चहुँ आजादी की वर्षगाँठ, चहुँ उत्सव कोई कैसा भी |
ये तभी लगें सबको अच्छे, जब गुजर जोग हो पैसा भी ||

भावना कामना अच्छी हों, तो हाथ सफलता आएगी |
तब भोली भाली जनता भी, बाबख्त रोटियाँ पाएगी ||

Tuesday, 7 August 2018

भ्रूण हत्या ?

नारी,
शक्ति है हमारी |
ऐ विमूढ़!
क्यों नष्ट करवा रहा है भ्रूण?
महा क्षोभ,
अपनी जिंदगी का तो है तुझे लोभ |
आदमी,
यदि ऐसा ही करेगा |
तो,
हर दूसरा आदमी हथेली पर चून धरेगा ||
ऊह -आह,
बता तेरे लड़कों के कहाँ से होंगे ब्याह |
उठ और जाग,
अपनी जिम्मेदारी न भाग!
आने दे लड़की,
तेरी दूर हो जाइगी कड़की!
तू ,
करवा के अल्ट्रासाउंड |
आने वाले को  भी,
लगाने दे इस दुनियां में राउंड ||
चोरा चोरी ,
गर्भ गिरवाता है |
शक्ति पुंज को मरवाता है ||
इससे पैदा होगा त्राण,
बक्स दे उसके प्राण |

Saturday, 4 August 2018

बड़ा ही महत्व है

• कद और कांठी का |
   अच्छी परिपाठी का ||
     लड़ाई में लाठी का |||
       बड़ा ही ............(1)
• नींद में खटिया का |
   झोंपड़ी में टटिया का ||
     स्टेशन हटिया का  |||
        बड़ा ही ...........(2)
• कंगाली में आटे का |
   व्यापार में घाटे का ||
     जूड़ो कराटे का  |||
         बड़ा ही .........(3)
• नदियों में गंगा का |
   करोड़पति भिखमंगा का ||
     सियासत में दंगा का |||
       बड़ा ही ............(4)
• अच्छे नतीजे का |
   न्याय में सी.जे.का ||
     शादी में डी.जे.का |||
       बड़ा ही ............(5)
• लोरी कहानी का |
   ननिहाल में नानी का ||
     जीवन में पानी का  |||
     बड़ा ही ..............(6)
• जंगल में शेर का |
    भूख में बेर का ||
        हेर अरु फेर का |||
          बड़ा ही .........(7)
• सुबह शाम चाय का |
   गरीब की हाय  का ||
     पन्ना सी  धाय का |||
       बड़ा ही ............(8)
• सुनहरे प्रात का |
    दिन और रात का ||
      भैया के  भात का |||
        बड़ा ही ...........(9)